चेन्नई , अप्रैल 09 -- केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के मार्गदर्शन में केन्द्र सरकार ने तमिलनाडु एवं पुडुचेरी में निर्बाध एलपीजी उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए समन्वित एवं सक्रिय उपाय तेज कर दिये हैं जिसमें प्रवासी श्रमिकों पर विशेष ध्यान दिया गया है।
यह कदम भू-राजनीतिक घटनाक्रमों से जुड़े वैश्विक आपूर्ति व्यवधानों की पृष्ठभूमि में उठाया गया है जिसमें सरकार ईंधन आपूर्ति को स्थिर करने और घरेलू उपभोक्ताओं की रक्षा के लिए समय पर कदम उठा रही है।
इन उपायों के अंतर्गत केंद्र सरकार ने पांच किलोग्राम के फ्री ट्रेड एलपीजी (एफटीएल) सिलेंडरों की दैनिक उपलब्धता को दोगुना कर दिया है जो विशेष रूप से प्रवासी श्रमिकों, दिहाड़ी मजदूरों एवं अन्य अस्थायी आबादी के लिए फायदेमंद है।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि तमिलनाडु एवं पुडुचेरी में, राज्य सरकार के विभागों के साथ मजबूत समन्वय के माध्यम से इस बढ़ी हुई संख्या को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है, जिससे यह सुनिश्चित हो रहा है कि लाभ लक्षित वर्गों तक बिना किसी देरी के पहुंचे।
चेन्नई, तिरुवल्लूर, कोयंबटूर, इरोड और तिरुप्पुर जैसे प्रमुख औद्योगिक एवं शहरी क्षेत्रों में, तेल उद्योग, राज्य सरकार के समन्वय से प्रवासी श्रमिकों तक सीधे पहुंचने के लिए एक केंद्रित जमीनी स्तर का दृष्टिकोण अपना रहा है।
इसमें कहा गया है कि औद्योगिक केंद्रों, निर्माण स्थलों एवं श्रमिक बस्तियों सहित प्रवासी श्रमिक आबादी वाले क्षेत्रों में एलपीजी वितरकों को तैनात किया जा रहा है, ताकि पांच किलोग्राम के सिलेंडर बिना किसी परेशानी के उपलब्ध हो सकें। ये सिलेंडर पेट्रोल पंपों, प्रवासी श्रमिक क्षेत्रों में दुकानों जैसे मौजूदा बिक्री केंद्रों के माध्यम से और जमीनी स्तर पर बिक्री अभियानों द्वारा सीधे काउंटर पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
इसमें यह भी कहा गया है कि पांच किलोग्राम एफटीएल के नए कनेक्शन न्यूनतम दस्तावेज़ीकरण के साथ बेचे जा रहे हैं, जिसके लिए केवल एक साधारण पहचान प्रमाण (आधार) की आवश्यकता होती है, जिससे मौजूदा ग्राहकों को रीफिल करने के अलावा प्रवासी श्रमिकों के लिए पहुंच संबंधी बाधाएं दूर हो जाती हैं।
पिछले दो दिनों में एफटीएल सिलेंडरों की उपलब्धता में काफी वृद्धि हुई है और यह संकट से पहले के स्तर से लगभग 70 प्रतिशत अधिक हो गई है और तेल उद्योग प्रवासी आबादी के लिए पांच किलोग्राम एफटीएल सिलेंडरों की उपलब्धता को दोगुना करने की दिशा में कदम उठा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित