चेन्नई , फरवरी 21 -- तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले 'नाम तमिलर कच्ची' (एनटीके) ने बड़ा दांव खेलते हुए सभी 234 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी के संस्थापक-संयोजक सीमैन ने शनिवार शाम तिरुचिरापल्ली (त्रिची) में आयोजित एक विशाल सम्मेलन में उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया।
श्री सीमैन ने पुरुष और महिला उम्मीदवारों को समान प्रतिनिधित्व देते हुए 117 पुरुष और 117 महिलाओं को चुनाव मैदान में उतारा है। उन्होंने सभी प्रत्याशियों को मंच से मतदाताओं से परिचित भी कराया। सीमैन ने यह भी घोषणा की कि वह अपने गृह जिले शिवगंगा की कराईकुडी सीट से चुनाव लड़ेंगे।
गौरतलब है कि श्री सीमैन पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि उनकी पार्टी पूर्व की तरह इस बार भी किसी दल से गठबंधन नहीं करेगी और अकेले चुनाव लड़ेगी। उन्होंने सत्तारूढ़ द्रमुक और अन्नाद्रमुक पर तीखा हमला बोला, वहीं हाल में अभिनेता-राजनेता विजय की नवगठित पार्टी तमिलगा वेत्त्री कज़गम (टीवीके) को भी निशाने पर लिया।
आगामी चुनाव में राज्य में चतुष्कोणीय मुकाबला देखने को मिल सकता है, जिसमें द्रमुक के नेतृत्व वाला गठबंधन, अन्नाद्रमुक-भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए, एनटीके और टीवीके शामिल होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित