चेन्नई , अप्रैल 11 -- चुनाव आयोग ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव (23 अप्रैल) से पहले बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए गृह सचिव धीरज कुमार का तबादला कर दिया है। उनकी जगह 1993 बैच के आईएएस अधिकारी के. मणिवासन को नया गृह सचिव नियुक्त किया गया है।
चुनाव आयोग ने निर्देश दिया है कि धीरज कुमार को चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक किसी भी चुनाव-संबंधित जिम्मेदारी में तैनात न किया जाए।
एक अन्य आदेश में आयोग ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी संदीप मित्तल की डीजीपी (सशस्त्र पुलिस एवं सतर्कता-व भ्रष्टाचार निरोधक) के रूप में नियुक्ति रद्द कर दी है और उन्हें डीजीपी (आर्म्ड फोर्सेज) के पद पर तैनात किया है।
इस फैसले के बाद वरिष्ठ अधिकारी डेविडसन देवासिरवथम की डीवीएसी (भ्रष्टाचार निरोधक इकाई) के डीजीपी पद पर वापसी की संभावना जताई जा रही है।
द्रविड़ मुनेत्र कड़गम और उसके सहयोगी दल ये आरोप लगाते हुए श्री मित्तल के स्थानांतरण को रद्द करने की मांग कर रहे थे कि वह भाजपा और आरएसएस के करीबी हैं।
इससे पहले चुनाव आयोग ने राज्य के पुलिस प्रमुख वेंकटरामन का तबादला कर संदीप राय राठौर को नियुक्त किया था। इसके अलावा मुख्य सचिव एन मुरुगानंदम और कई जिलों के एसपी भी बदले गए, जबकि श्री साईकुमार को नया मुख्य सचिव बनाया गया।
मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने श्री मुरुगानंदम के तबादले की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि आयोग केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार के दबाव में काम कर रहा है। वहीं विपक्षी दल अन्नाद्रमुक और भाजपा ने इसे चुनाव के दौरान सामान्य प्रक्रिया बताया।
डीएमके सांसद टी आर बालू ने भी चुनाव आयोग को पत्र लिखकर मुरुगानंदम की बहाली की मांग की है।
चुनाव आयोग ने ग्रेटर चेन्नई सिटी पुलिस कमिश्नर ए अरुण को हटाकर श्री अभिन दिनेश मोडक को नया कमिश्नर नियुक्त किया है।
श्री अरुण का तबादला अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम की शिकायतों के बाद हुआ, जिसमें चुनाव प्रचार के दौरान शर्तें लगाने का आरोप लगाया गया था।
ये सभी तबादले 2026 तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले निष्पक्ष प्रशासन सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग द्वारा किए गए व्यापक प्रशासनिक बदलाव का हिस्सा हैं।
इस बीच, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी हाल ही में आरोप लगाया था कि चुनाव आयोग, द्रमुक और कांग्रेस के बीच मिलीभगत है, जिससे यह मुद्दा और राजनीतिक रंग ले चुका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित