चेन्नई , अप्रैल 06 -- तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले हथकरघा और वस्त्र मंत्री आर. गांधी के पुत्र विनोद गांधी ने रानीपेट निर्वाचन क्षेत्र से अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली है, जिससे उनके पिता के चुनाव लड़ने का रास्ता साफ हो गया है।
सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) ने शुरुआत में मंत्री को टिकट देने के बजाय उनके बेटे विनोद गांधी को नामित किया था। हालांकि, सोमवार सुबह श्री विनोद ने अचानक अपनी उम्मीदवारी काे वापस ले लिया। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से अपने इस निर्णय की घोषणा की।
विनोद गांधी ने कहा, "अपने पिता की एक बार फिर चुनाव लड़ने की प्रबल इच्छा को देखते हुए, मैंने सम्मानपूर्वक पीछे हटने और यह अवसर उन्हें वापस देने का निर्णय लिया है।" वर्तमान में द्रमुक पर्यावरण विंग के राज्य उप सचिव के रूप में कार्यरत श्री विनोद ने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को उनके प्रोत्साहन के लिए धन्यवाद दिया। साथ ही उन्होंने चुनाव लड़ने का मौका देने के लिए मुख्यमंत्री एम के स्टालिन को धन्यवाद भी दिया।
दूसरी ओर, आर गांधी ने पार्टी आलाकमान से बात करने के बाद आज यानि नामांकन दाखिल करने के आखिर दिन अपना पर्चा भरा, जिसके साथ ही रानीपेट में उम्मीदवारी को लेकर चल रही आंतरिक खींचतान भी समाप्त हो गयी। श्री गांधी के मैदान में उतरने के साथ ही अब 34 मौजूदा मंत्रियों में से चुनाव लड़ने वाले मंत्रियों की कुल संख्या 31 हो गयी है।
'द्रविड़ियन मॉडल 2.0' सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ सत्तारूढ़ द्रमुक ने 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए शनिवार को 164 उम्मीदवारों की सूची जारी की थी। इसमें 31 मंत्रियों को बरकरार रखा गया है, जबकि तीन मंत्रियों को टिकट नहीं दिया गया। सूची में 60 से अधिक नए चेहरे और अन्नाद्रमुक से आए नेता भी शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित