चेन्नई , अप्रैल 16 -- तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के लिए अपनी पार्टी 'तमिलगा वेट्री कषगम (टीवीके) का अंतिम घोषणापत्र जारी करते हुए, अभिनेता और पार्टी संस्थापक-अध्यक्ष विजय ने गुरुवार को महिला समर्थकों से एक अनूठे अभियान की अपील की। उन्होंने महिलाओं से आग्रह किया कि वे अपने घरों के सामने 'व्हिसल कोलम' (सीटी के आकार की रंगोली) बनाकर पार्टी का समर्थन करें।

श्री विजय ने घोषणापत्र) जारी करते हुए कई बड़े वादे किए, जिनमें हर परिवार को साल में 6 मुफ्त एलपीजी सिलेंडर, महिला परिवार प्रमुखों को 2,500 रुपये प्रति माह, लड़कियों की शादी के लिए 8 ग्राम सोना और रेशमी साड़ी, तथा हर परिवार के लिए 25 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर शामिल है।

घोषणापत्र में नीतिगत मुद्दों पर कड़ा रुख अपनाते हुए टीवीके ने नीट परीक्षा को खत्म करने, शिक्षा को समवर्ती सूची से राज्य सूची में लाने, द्वि-भाषा नीति के संरक्षण और आबादी के अनुसार आनुपातिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए जाति सर्वेक्षण कराने का वादा किया है। पार्टी ने 'एक राष्ट्र एक चुनाव' और लोकसभा क्षेत्रों के परिसीमन का भी विरोध किया है। केंद्र-राज्य संबंधों पर बोलते हुए श्री विजय ने 'राज्यपाल' के पद को समाप्त करने और श्रीलंका के तमिल शरणार्थियों को नागरिकता दिलाने के लिए संघर्ष करने की बात कही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित