चेन्नई , मार्च 26 -- तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) ने 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए अपने बहुदलीय धर्मनिरपेक्ष प्रगतिशील गठबंधन (एसपीए) में तीन छोटे दलों को एक-एक सीट आवंटित की है।
बुधवार देर रात द्रमुक की सीट साझाकरण समिति के साथ हुई बैठक के बाद वीएमएस मोहम्मद मुबारक की सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (एसडीपीआई), अभिनेता करुणास की मुकुलथोर पुली पडाई (एमपीपी) और तमीमुम अंसारी की मनिथनेया जननायक कच्ची (एमजेके) को गठबंधन में शामिल किया गया।
द्रमुक ने अब तक अपने नौ सहयोगियों के साथ सीट साझाकरण समझौते किए हैं, जिसके तहत कुल 234 सीटों में से 66 सीटें सहयोगियों को दी गई हैं। गठबंधन के मुख्य सहयोगी दल कांग्रेस को 28 सीटें आवंटित की गई हैं, जबकि डीएमडीके को 10, वीसीके को 8, माकपा और भाकपा को 5-5 तथा एमडीएमके को 4 सीटें दी गई हैं। इसके अतिरिक्त आईयूएमएल, एमएमके और केएमडीके जैसे दलों को भी सीटें प्रदान की गई हैं।
इस चुनाव में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के तहत अभिनेता-राजनेता और राज्यसभा सांसद कमल हासन की पार्टी 'मक्कल निधि मय्यम' (एमएनएम) ने चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है। वह मई में द्रमुक की 'द्रविड़ियन मॉडल 2.0' सरकार के गठन के लिए द्रमुक नीत मोर्चे को बिना किसी शर्त के अपना समर्थन देने की घोषणा कर चुके हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित