चेन्नई , मार्च 27 -- तमिलनाडु में विभिन्न इलाकों में तैनात फ्लाइंग स्क्वायड और निगरानी टीमों ने अब तक कुल 273.71 करोड़ रुपये मूल्य की नकदी, मदिरा, नशे का सामान और गहने जब्त किए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी अर्चना पटनायक ने शुक्रवार को बताया कि राज्य भर में अब तक कुल 273.71 करोड़ रुपये की संपत्ति बरामद की गई है, जिसमें 44.89 करोड़ रुपये की नकदी, 0.93 करोड़ रुपये मूल्य की मदिरा, 7.60 करोड़ रुपये के ड्रग्स/नारकोटिक्स, 116.07 करोड़ रुपये की कीमती धातुएं (सोना-चांदी) और 104.20 करोड़ रुपये के उपहार व अन्य सामान शामिल हैं।
राज्य में 23 अप्रैल को 17वीं विधानसभा के लिए मतदान होना है। इन चुनावों के मद्देनजर आयोग की निगरानी टीमें सक्रिय हैं। आयोग ने पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए राज्य के 234 निर्वाचन क्षेत्रों में 136 सामान्य पर्यवेक्षक, 40 पुलिस पर्यवेक्षक और 151 व्यय पर्यवेक्षक तैनात किए हैं। इन केंद्रीय पर्यवेक्षकों के संपर्क विवरण आम लोगों के लिए जारी किए गए है ताकि नागरिक और राजनीतिक दल सीधे शिकायत दर्ज करा सकें।
इसके अतिरिक्त, 26 मार्च 2026 तक नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए कुल 6,48,285 आवेदन (फॉर्म 6) प्राप्त हुए हैं। इन सभी आवेदनों की जांच करके और नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि, 6 अप्रैल तक अंतिम एकीकृत मतदाता सूची तैयार की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित