चेन्नई , अक्टूबर 11 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को तमिलनाडु के विकास और प्रगति के लिए मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के साथ मिलकर काम करने का संकल्प व्यक्त किया और कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री रहने के कारण वह एक मुख्यमंत्री और किसी राज्य की अपेक्षाओं को बहुत अच्छी तरह से समझते हैं।
यहां भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान-मद्रास परिसर स्थित केंद्रीय विद्यालय मैदान में 13,000 करोड़ रुपये की पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं के उद्घाटन और नयी परियोजनाओं के शिलान्यास समारोह में मंच पर मुख्यमंत्री विजय की मौजूदगी के बीच श्री मोदी ने कहा, " जोसेफ विजय के साथ मिलकर और एक साथ काम करते हुए हम तमिलनाडु के विकास को आगे बढ़ाएंगे।"श्री विजय के तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद यह पहला अवसर है, जब श्री मोदी उनके साथ किसी आधिकारिक कार्यक्रम में मंच साझा कर रहे थे। प्रधानमंत्री ने इन विकास परियोजनाओं के शुभारंभ को तमिलनाडु के लिए एक ऐतिहासिक दिन करार दिया।
तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्रियों के साथ अपने संबंधों को याद करते हुए श्री मोदी ने कहा, "एक मुख्यमंत्री के रूप में, मैं अच्छी तरह जानता हूं कि किसी राज्य की क्या अपेक्षाएं होती हैं और प्रधानमंत्री के रूप में देश की प्रगति हमेशा मेरे दिल के केंद्र में रही है।"उन्होंने कहा, " गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में मैंने करुणानिधि और जयललिता के साथ संवाद किया। फिर प्रधानमंत्री के रूप में जयललिता, ओ. पन्नीरसेल्वम, एडप्पाडी के. पलानीस्वामी और एम.के. स्टालिन के साथ काम किया।" उन्होंने कहा," सरकारें बदली हैं, लेकिन तमिलनाडु का विकास अपरिवर्तित रहा है।"सार्वजनिक सेवा में अपने 25 वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री ने कहा, " आप सभी (जनता) के प्यार और समर्थन से, मैंने लोकतंत्र में विश्वास रखते हुए देश के लोगों को प्रथम मानने के प्रकाश-पुंज और सहकारी संघवाद के माध्यम से, देश की प्रगति को अपने दिल में रखते हुए 25 वर्ष की सेवा पूरी की है।"उन्होंने कहा कि उनका दृष्टिकोण राज्यों को मजबूत बनाकर देश को एक 'पावरहाउस' बनाना है और विनिर्माण केंद्र के रूप में तमिलनाडु देश के विकास का एक प्रमुख इंजन बना हुआ है। श्री मोदी ने कहा, "भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता देश है, जिसमें इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात 18 प्रतिशत और रक्षा निर्यात 50 प्रतिशत तक पहुंच गया है।"इससे पहले, प्रधानमंत्री ने उपनगरीय पूनमल्ली तक विस्तारित मेट्रो रेल सेवा के उद्घाटन सफर के दौरान मुख्यमंत्री विजय के साथ यात्रा की। उन्होंने शहरीकरण के इंजन के रूप में बेहतर सार्वजनिक परिवहन के महत्व को बताया। श्री मोदी ने कहा, "तमिलनाडु का शहरी विकास एक प्राथमिकता है। यह कोई चुनौती नहीं, बल्कि एक अवसर है, जिसकी रीढ़ सार्वजनिक परिवहन है। 2014 में केवल पांच शहरों में 250 किलोमीटर के दायरे में मेट्रो रेल सेवा थी, लेकिन आज देश के 25 शहरों में 1,100 किलोमीटर से अधिक नेटवर्क पर मेट्रो चल रही है, जो आगे और बढ़ रही है तथा लोगों की आवाजाही को तेज एवं सुगम बना रही है।"कार्यक्रम में श्री विजय ने प्रधानमंत्री से मद्रास उच्च न्यायालय की आधिकारिक भाषा के रूप में तमिल को मान्यता देने वाले तमिलनाडु विधानसभा के प्रस्ताव को शीघ्र राष्ट्रपति की स्वीकृति दिलाने का अनुरोध किया।
उन्होंने कोयंबटूर और मदुरै के लिए मेट्रो रेल परियोजना को अस्वीकार करने के निर्णय पर पुनर्विचार करने और राष्ट्रीय राजमार्गों के छह-लेन चौड़ीकरण के कार्यों को शीघ्र मंजूरी देकर पूरा करने की मांग की। श्री विजय ने कहा कि उनकी सरकार राज्य में भ्रष्टाचार मुक्त और पारदर्शी शासन की एक नई संस्कृति की शुरुआत कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित