चेन्नई , मई 16 -- तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने अपने आधिकारिक काफिले में शामिल सुरक्षा वाहनों की संख्या में भारी कटौती करने के निर्देश दिए हैं।
लोक भवन ने शनिवार को आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी साझा की है। रिलीज के अनुसार, राज्यपाल के आधिकारिक दौरों, सरकारी कार्यक्रमों और निजी आयोजनों के दौरान अब सुरक्षा वाहनों का बड़ा लश्कर नजर नहीं आयेगा।
राज्यपाल ने यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उन सात प्रमुख अपीलों में से एक के मद्देनजर लिया है, जिसमें उन्होंने देशवासियों से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए सार्वजनिक परिवहनों को बढ़ावा देने का आह्वान किया था।
लोकभवन की विज्ञप्ति में बताया गया है कि इससे पहले राज्यपाल की सुरक्षा और आवाजाही के लिए उनके काफिले में 10 पुलिस सुरक्षा वाहन तैनात किये जाते थे। राज्यपाल के निर्देश के बाद अब इन वाहनों की संख्या घटाकर केवल चार कर दिया गया है। यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
प्रेस रिलीज के अनुसार, राज्यपाल का यह फैसला न केवल सरकारी खजाने और ईंधन की बचत करेगा, बल्कि उच्च संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों के लिए सादगी और पर्यावरणीय जिम्मेदारी का उदाहरण भी पेश करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित