गयाजी , फरवरी 10 -- तमिलनाडु के राज्यपाल आर.एन. रवि ने मंगलवार को मोक्ष और ज्ञान की पावन भूमि गयाजी के विष्णुपद मंदिर में विधिवत पिंडदान किया। विष्णुपद मंदिर प्रबंध कार्यकारिणी समिति के सदस्य मणिलाल बारिक ने बताया कि राज्यपाल आर.एन. रवि ने अपने पूर्वजों माता-पिता, नानी, ससुर, मौसी एवं बुआ सहित अन्य स्वजनों का मंत्रोच्चारण के साथ श्रद्धापूर्वक पिंडदान किया।

राज्यपाल आर.एन. रवि ने विष्णुपद मंदिर, फल्गु नदी और अक्षयवट तीनों पवित्र स्थलों पर शास्त्रोक्त विधि से पिंडदान किया।

इस अवसर पर मंदिर परिसर में रुद्राक्ष अभिषेक, जलाभिषेक तथा मध्य अभिषेक की पूजा भी विधिवत कराई गई। पिंडदान से संबंधित सभी धार्मिक अनुष्ठानों की समुचित व्यवस्था की गई थी।

पिंडदान एवं पूजा-अर्चना के बाद विष्णुपद मंदिर कमेटी की ओर से राज्यपालको विष्णु चरण एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।इस दौरान उनके साथ उनकी धर्मपत्नी एवं पुत्री भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम शांत, श्रद्धामय एवं परंपरागत वातावरण में संपन्न हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित