चेन्नई , सितंबर 01 -- तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने मंगलवार को कावेरी डेल्टा जिलों में सिंचाई के लिए बने मेत्तूर बांध के स्टैनली जलाशय के गेट खोले। इसके साथ ही बांध के पानी का खेतों तक पहुंचने की शुभारंभ हो गया।

मुख्यमंत्री विजय हवाई मार्ग से सलेम पहुंचे और वहां से सड़क मार्ग से मेत्तूर पहुंचे, और जलाशय के गेट खोलकर किसानों तक पानी पहुंचाने की शुरूआत कर दी। कावेरी के जलग्रहण क्षेत्रों में कम बारिश और कम जलस्तर के कारण बांध को पारंपरिक तिथि 12 जून को नहीं खोला जा सका। लगभग 80 दिनों की देरी के बाद अब छोड़े गए पानी से किसानों को खेती में मदद मिलेगी।

पड़ोसी राज्य कर्नाटक के जलाशयों से अतिरिक्त पानी छोड़े जाने से पिछले कुछ दिनों से मेत्तूर बांध में पानी की आवक जारी थी, जिससे जलस्तर सिंचाई के लिए आवश्यक 90 फीट के स्तर को पार कर गया। मंगलवार को बांध का जलस्तर 91.56 फीट दर्ज किया गया और आवक 10,000 क्यूसेक रही। राज्य सरकार के अनुसार, सिंचाई के लिए 45 दिनों तक पानी छोड़ा जाएगा। शुरुआत में 3,000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, जिसे धीरे-धीरे बढ़ाया जाएगा ताकि पानी अंतिम छोर के खेतों तक पहुंच सके।

मेत्तूर बांध के 93 साल के इतिहास में यह केवल तीसरा अवसर है जब इसे सितंबर महीने में खोला गया है, जबकि 11 बार इसे अगस्त में खोला जा चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित