चेन्नई , जुलाई 21 -- तमिलनाडु में स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू से बचाव की अपनी रणनीति के तहत प्रदेश भर के सरकारी अस्पतालों में नयी एंटी-डेंगू वैक्सीन क्यूडीईएनजीए शुरू करने का निर्णय लिया है।

यह कदम केंद्र सरकार की ओर से मच्छरों से फैलने वाले जानलेवा डेंगू के लिए इस वैक्सीन को मंज़ूरी देने के बाद उठाया गया है।

राज्य सरकार पात्र लोगों को प्राथमिकता के आधार पर यह वैक्सीन देने के लिए पूरी तरह तैयार है। स्वास्थ्य विभाग इस वैक्सीन को अपने मौजूदा डेंगू रोकथाम कार्यक्रम में शामिल करने की तैयारी कर रहा है, जिसमें सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा प्रणाली के ज़रिए पात्र आबादी को प्राथमिकता दिये जाने की संभावना है।

अधिकारियों का कहना है कि इसे शुरू करने से मच्छर नियंत्रण, निगरानी और जागरूकता अभियानों जैसे मौजूदा उपायों को और मज़बूती मिलेगी।

भारत के ड्रग कंट्रोलर (डीजीसीआई) से मंज़ूरी मिलने के बाद यह वैक्सीन 4 से 60 साल की उम्र के लोगों को दी जा सकती है, चाहे उन्हें पहले डेंगू हुआ हो या नहीं। खास बात यह है कि पहले की वैक्सीन के उलट, क्यूडीईएनजीए के लिए वैक्सीन लगाने से पहले किसी जांच की ज़रूरत नहीं है। डीजीसीआई ने जापानी कंपनी, तकेडा बॉयोफार्मासूटिकल्स को इसे बाज़ार में लाने की मंज़ूरी दे दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित