चेन्नई , अक्टूबर 10 -- कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार पर तमिलनाडु की भाषा, संस्कृति और इतिहास को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि अब परिसीमन के माध्यम से राज्य का संसद में प्रतिनिधित्व कम करने और यहां के लोगों की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है।

श्री गांधी ने शनिवार को यहां अपने अभियान 'छात्रों की गूंज' के छठे संस्करण में छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि श्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह तमिलनाडु की भाषाई और सांस्कृतिक पहचान पर हमला कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि श्री शाह तमिलनाडु के लोगों पर हिंदी थोपने की बात करते हैं और तमिल भाषा तथा संस्कृति को कमतर मानते हैं। उनका कहना था कि तमिलनाडु की भाषा, संस्कृति, इतिहास और परंपराओं पर किसी भी तरह का हमला स्वीकार नहीं किया जाएगा।

कांग्रेस नेता ने परिसीमन के मुद्दे पर कहा कि इसके जरिए तमिलनाडु को दंडित करने और संसद में उनका प्रतिनिधित्व कम कर उनकी आवाज कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य के लोगों के राजनीतिक अधिकारों की रक्षा की जाएगी और उनकी आवाज दबाने की किसी भी कोशिश का कड़ा विरोध किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित