चेन्नई , अक्टूबर 27 -- तमिलनाडु में थेनी जिला जेल में सुरक्षा गार्डों पर हमला कर फरार 17 कैदियों में से 13 कैदियों को दोबारा पकड़ लिया गया है, जबकि शेष चार की तलाश में व्यापक अभियान जारी है। साथ ही लापरवाही बरतने के आरोप में जिला जेल के नौ कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है।

पुलिस की ओर से मंगलवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार थेकम्पट्टी में स्थित थेनी जिला जेल की अधिकृत क्षमता 200 कैदियों की है, लेकिन सोमवार रात यहां कुल 334 कैदी बंद थे।

कल रात लगभग दस बजे तीसरे ब्लॉक के कुछ कैदियों ने शोर मचाया कि एक कैदी को मिर्गी का दौरा पड़ रहा है। स्थिति का जायजा लेने के लिए तीसरे ब्लॉक के पैरा गार्ड स्टालिन प्रभु अंदर गये। वहां कैदियों ने उन पर हमला कर उन्हें काबू में कर लिया और भागने की कोशिश की। मुख्य द्वार पर तैनात गार्डों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन कैदियों ने उन्हें भी अपने कब्जे में ले लिया और चाबियां छीनकर मुख्य द्वार खोलकर फरार हो गये।

घटना के तुरंत बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 13 कैदियों को दोबारा गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बाकी चार कैदियों की गिरफ्तारी के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया है।

गंडमानूर पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इस घटना के बाद राज्य में राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है। प्रमुख विपक्षी दलों ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए सत्तारूढ़ टीवीके सरकार पर प्रशासनिक विफलता और राज्य में कानून-व्यवस्था के बिगड़ने का आरोप लगाया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित