चेन्नई , जून 25 -- केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने गुरुवार को स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार की ओर से तमिलनाडु का कोई भी वित्तीय बकाया नहीं रोका गया है और राज्यों को उनका पूरा हिस्सा समय पर जारी किया जा रहा है।
सुश्री सीतारमण ने यहां एक पुस्तक के लोकार्पण समारोह में शामिल होने और मंदिर शहर में गज पूजा करने के बाद पड़ोसी कांचीपुरम जिले में संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि राज्य में पिछली द्रमुक सरकार के दौरान केंद्र ने राज्य को मिलने वाले सभी धन जारी कर दिये थे। उन्होंने यह भरोसा दिलाते हुए कि राज्य के लिए जरूरी धन जरूर जारी किये जायेंगे तथा अभी केंद्र की तरफ से राज्य का कोई वित्तीय बकाया नहीं है।
सुश्री निर्मला ने कहा कि राज्य सरकारों के कर्ज लेने में कुछ भी गलत नहीं है, जिसे जीएसडीपी के तीन प्रतिशत तक सीमित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि उधारी की रकम का इस्तेमाल अर्थव्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आधारभूत संरचना सुविधाओं को मजबूत करने में किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि धन को शिक्षा, स्वास्थ्य देखभाल और औद्योगिक क्षेत्र में निवेश किया जाना चाहिए जिससे आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित