चेन्नई , सितंबर 10 -- तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और तमिझगा वेत्री कषगम (टीवीके) अध्यक्ष सी जोसेफ विजय ने आगामी छह अक्टूबर को राज्य की दो विधानसभा सीटों मदुरंतकम और धारापुरम पर होने वाले उपचुनाव के लिए प्रत्याशियों के नामों की आधिकारिक घोषणा कर दी है। टीवीके ने अन्नाद्रमुक से बगावत कर पार्टी में शामिल हुईं दो पूर्व महिला विधायकों को मैदान में उतारा है।

टीवीके के यहां जारी बयान के अनुसार, पार्टी उप महासचिव के. मरगथम कुमारवेल मदुरंतकम (अनुसूचित जाति आरक्षित) निर्वाचन क्षेत्र से और तिरुप्पुर दक्षिण-पूर्व जिला सचिव पी. सत्याभामा धारापुरम (अनुसूचित जाति आरक्षित) सीट से उम्मीदवार होंगी। दोनों प्रत्याशी टीवीके के नेतृत्व वाले नए गठित 'धर्मनिरपेक्ष एवं सामाजिक न्याय वेत्री गठबंधन ( एसएसजेवीए) के बैनर तले चुनाव लड़ेंगी। मुख्यमंत्री विजय ने पार्टी कार्यकर्ताओं और गठबंधन सहयोगियों से एकजुट होकर प्रत्याशियों की प्रचंड जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित