चेन्नई , मई 25 -- तमिलनाडु में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर विपक्ष का मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ सरकार पर निशाना साधे जाने के बीच मदुरै स्थित विश्व प्रसिद्ध मीनाक्षी अम्मन मंदिर के निकट सोमवार तड़के 17 वर्षीय किशोर की पांच सदस्यीय गिरोह ने कथित रूप से धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी।

पुलिस ने बताया कि हत्या के कुछ घंटों के भीतर पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश को हत्या का कारण बताया गया है। हाल ही में आयोजित वार्षिक चित्रई उत्सव के दौरान पुरानी दुश्मनी को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ था, जिसके कारण यह हत्या हुई।

जानकारी के अनुसार मृतक मंदिर के निकट मदुरै निगम के वाहन पार्किंग क्षेत्र में सो रहा था। तभी दरांती और अन्य घातक हथियारों से लैस गिरोह ने तड़के उस पर अंधाधुंध हमला कर दिया।

घटनास्थल पर अत्यधिक रक्तस्राव होने से किशोर की मृत्यु हो गयी, जिसके बाद हमलावर फरार हो गये। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी राजाजी अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

यह ताजा हत्या की घटना राज्य के अन्य हिस्सों में हुई हालिया वारदातों के बाद सामने आयी है। इनमें कोयंबटूर जिले में 10 वर्षीय बालिका के अपहरण, यौन उत्पीड़न और हत्या की घटना भी शामिल है, जिसने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। विपक्षी दलों ने बढ़ते अपराधों को लेकर सरकार पर नाराजगी जताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

बताया गया कि लापता हुई बालिका की यौन उत्पीड़न के बाद हत्या कर दी गयी थी। उसका शव एक तालाब में मिलने के बाद पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

इस पृष्ठभूमि में मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा के लिए उच्चस्तरीय बैठक की और अपराध की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के उपायों पर चर्चा की। बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा मुख्यमंत्री के मंत्रिमंडल सहयोगी, मुख्य सचिव, गृह सचिव, तमिलनाडु के पुलिस महानिदेशक, चेन्नई पुलिस आयुक्त तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित