चेन्नई , मई 03 -- तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) ने सोमवार को होने वाली मतगणना के दौरान कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने की आशंका जतायी है।

द्रमुक का आरोप है कि मुख्य विपक्षी दल अन्नाद्रमुक के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) यह व्यवधान पैदा कर सकती है।

द्रमुक ने इस संबंध में रविवार को चुनाव आयोग को याचिका देकर एहतियाती कदम उठाने, सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने और चुनावी प्रक्रिया की पवित्रता बनाये रखने की मांग की है।

तमिलनाडु की मुख्य चुनाव अधिकारी अर्चना पटनायक को लिखे पत्र में द्रमुक के संगठन सचिव आरएस भारती ने कहा, "हमें विश्वसनीय जानकारी मिली है कि तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना के दिन भाजपा के इशारे पर अन्य राजनीतिक दलों ने मतगणना केंद्रों पर व्यवधान पैदा करने की योजना बनायी है। ऐसी गतिविधियों की आशंका मतगणना बूथों के आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ पार्टी कार्यालयों सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी है।"उन्होंने कहा कि उपरोक्त तथ्यों के आलोक में बड़े पैमाने पर कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा होने की आशंका है, जिससे स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावी प्रक्रिया के संचालन पर गंभीर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

उन्होंने पत्र में कहा, "इन परिस्थितियों में हम सम्मानपूर्वक अनुरोध करते हैं कि आपका कार्यालय किसी भी अप्रिय घटना को टालने के लिए तत्काल और उचित एहतियाती कदम उठाये, जिसमें पर्याप्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ आवश्यक समन्वय शामिल हो।"पत्र में यह भी अनुरोध किया गया है कि चार मई को पूरे तमिलनाडु राज्य में शांति, सार्वजनिक व्यवस्था और मतगणना प्रक्रिया की अखंडता सुनिश्चित करने के लिए सभी कदम उठाये जाएं। इस पत्र की प्रतियां मीडिया और चुनाव से पहले चुनाव आयोग द्वारा नियुक्त तमिलनाडु के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) संदीप राय राठौर को भी भेजी गयी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित