चेन्नई , अगस्त 26 -- उत्तर चेन्नई के एलीफेंट गेट इलाके में बुधवार को 45 फुट गहरे कुएं की सफाई के दौरान कथित तौर पर जहरीली गैस की चपेट में आने से पिता-पुत्र की दम घुटने से मौत हो गई।

मृतकों की पहचान अय्यनार (35) और उनके पिता रवि (65) के रूप में हुई है। दोनों कोडुंगैयूर के रहने वाले थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अय्यनार कुएं की गाद निकालने और सफाई का काम करने के लिए उसमें उतरे थे। बाद में उनके पिता रवि भी उनकी मदद करने के लिए कुएं में उतर गए। इसी दौरान कथित तौर पर जहरीली गैस के संपर्क में आने से दोनों बेहोश होकर कुएं में गिर गये।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और दमकल एवं बचाव सेवा विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। दमकलकर्मियों ने काफी प्रयास के बाद दोनों को कुएं से बाहर निकाला।

दोनों को राजीव गांधी सरकारी सामान्य अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में रखा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित