टिहरी , सितंबर 10 -- उत्तराखंड में टिहरी गढवाल जिलाधिकारी के निर्देश पर औषधि विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार को तपोवन एवं शिवपुरी क्षेत्र में औषधि विक्रय फर्मों का सघन निरीक्षण किया। अभियान के दौरान टीम ने दवाओं के क्रय-विक्रय संबंधी अभिलेखों, भंडारण व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों तथा अन्य वैधानिक दस्तावेजों की जांच की।
औषधि निरीक्षक ऋषभ धामा के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान कुल चार औषधियों के नमूने परीक्षण एवं विश्लेषण के लिए गए।
निरीक्षण में तीन औषधि विक्रय फर्मों में अनियमितताएं पाये जाने पर उनके यहां औषधियों के क्रय-विक्रय पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई। संबंधित फर्मों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं, एक फर्म में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर उसके जारी औषधि अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) के निलंबन अथवा निरस्तीकरण की संस्तुति की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित