बरनाला , अप्रैल 17 -- पंजाब में बरनाला के तपा रेलवे स्टेशन पर विभिन्न ट्रेनों के ठहराव को लेकर लंबे समय से चल रही मांग को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भदौड़ क्षेत्र के प्रभारी गुरजिंदर सिंह सिद्धू ने दिल्ली में रेल राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू से मुलाकात की।

इस संबंध में जानकारी देते हुए भाजपा के युवा नेता जगदीप सिंह ने शुक्रवार को बताया कि तपा शहर के 100 से अधिक परिवारों के हस्ताक्षरों के साथ एक मांग पत्र सौंपा गया।

श्री सिद्धू ने कहा कि उन्होंने मंत्री को अवगत कराया कि कोविड काल से ही कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का तपा स्टेशन पर ठहराव बंद कर दिया गया था, जिससे क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इनमें प्रमुख ट्रेनें बाड़मेर-ऋषिकेश (14888), श्री गंगानगर-श्री नांदेड़ साहिब (12485) और श्री गंगानगर-जम्मू तवी (14711) शामिल हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि तपा मंडी भले ही छोटी हो लेकिन यहां के व्यापारी काफी बड़े स्तर पर कारोबार करते हैं। रेल राज्य मंत्री बिट्टू ने उन्हें आश्वासन दिया कि नवंबर महीने से तपा रेलवे स्टेशन पर सभी बंद ठहराव वाली ट्रेनों को फिर से शुरू किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि वे स्वयं आकर इसका उद्घाटन करेंगे।

इस घोषणा से तपा और आसपास के गांवों के लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित