भुवनेश्वर , जून 03 -- केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने ओडिशा की तटीय राजमार्ग परियोजना के लिए 8,300 करोड़ रुपये मंजूर किये जाने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया है।
श्री मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को पहले चरण के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग-90 पर रामेश्वर से कोणार्क होते हुए पारादीप तक ग्रीनफील्ड तटीय राजमार्ग निर्माण परियोजना को मंजूरी दी। लगभग 160.18 किलोमीटर लंबी इस परियोजना की अनुमानित लागत 8,300 करोड़ रुपये से अधिक है।
श्री प्रधान ने परियोजना का स्वागत करते हुए कहा कि मोदी सरकार ओडिशा के बुनियादी ढांचे और आर्थिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह तटीय राजमार्ग राज्य के समुद्री तटीय क्षेत्रों में संपर्क व्यवस्था को मजबूत करेगा और ओडिशा की ब्लू इकोनॉमी तथा औद्योगिक विकास को नयी गति देगा। परियोजना का क्रियान्वयन हाइब्रिड एन्युटी मॉडल के तहत किया जाएगा।
परियोजना को दो पैकेजों में विभाजित किया गया है। पहले पैकेज के तहत रामेश्वर से काकटपुर तक लगभग 79 किलोमीटर सड़क को चार लेन राजमार्ग के रूप में विकसित किया जाएगा, जबकि दूसरे पैकेज में काकटपुर से पारादीप तक करीब 80 किलोमीटर सड़क का निर्माण दो लेन तथा पक्के शोल्डर वाली सड़क के रूप में किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि श्री मोदी के 'पूर्वोदय मिशन' के तहत यह परियोजना ओडिशा की आर्थिक प्रगति, पर्यटन, व्यापार और वाणिज्य के लिए गेमचेंजर साबित होगी। उन्होंने इसे पूर्वी भारत के विकास और ओडिशा के तटीय क्षेत्रों की समृद्धि के लिए केंद्र सरकार की दूरदर्शी पहल बताया।
श्री प्रधान ने कहा कि यह परियोजना न केवल परिवहन अवसंरचना और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देगी, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी सृजित करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित