बिलासपुर , अगस्त 24 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र में सोमवार को जंगल गए एक युवक की कथित तौर पर शेरनी के हमले में मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण इलाकों में दहशत है। वन विभाग और पुलिस की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गयी है।

पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना जुनापारा चौकी क्षेत्र के ग्राम बांधा की है। ग्राम पंचायत बांधा निवासी धरम दास घृतलहरे (25) जोगीपुर जंगल के फॉरेस्ट बीट आरए-98 क्षेत्र में बांस से निकलने वाला करिल काटने और पीहरी लेने गया था। इसी दौरान जंगल में अचानक शेरनी ने उस पर हमला कर दिया।

बताया जा रहा है कि शेरनी ने धरम दास की गर्दन पर हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हमले के बाद वन्यजीव द्वारा युवक के शरीर को भी नुकसान पहुंचाए जाने की जानकारी सामने आई है।

घटना के बाद क्षेत्र में भय की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, शेरनी अपने शावक के साथ घटनास्थल के आसपास ही मौजूद बताई जा रही है। इसे देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और फिलहाल जंगल की ओर नहीं जाने की सलाह दी गई है।

घटना की सूचना मिलने के बाद जुनापारा पुलिस की टीम मौके के लिए रवाना हुई। वहीं वन विभाग की टीम भी क्षेत्र का जायजा लेने और वन्यजीव की गतिविधियों पर नजर रखने की कार्रवाई कर रही है।

वन विभाग की टीम द्वारा मौके का निरीक्षण किए जाने के बाद ही हमले और क्षेत्र में वन्यजीव की मौजूदगी को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होने की संभावना है। फिलहाल ग्रामीणों को जंगल से दूरी बनाए रखने और सतर्कता बरतने की हिदायत दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित