नयी दिल्ली , जून 15 -- दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने सोमवार को कहा कि तकनीक पर आधारित सुधारों ने गवर्नेंस को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और सुलभ बनाकर सार्वजनिक सेवा वितरण में महत्वपूर्ण सुधार किया है।
श्री संधू ने आज पश्चिमी दिल्ली के विकासपुरी में आधार सेवा केंद्र का उद्घाटन किया। उन्होंने पिछले एक दशक में भारत के गवर्नेंस इकोसिस्टम में आधार की परिवर्तनकारी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि तकनीक पर आधारित सुधारों ने गवर्नेंस को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और सुलभ बनाकर सार्वजनिक सेवा वितरण में महत्वपूर्ण सुधार किया है।
उन्होंने कहा कि आधार अब सिर्फ एक डिजिटल पहचान प्लेटफ़ॉर्म नहीं रह गया है, बल्कि यह भारत के डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर के प्रमुख स्तंभों में से एक बन गया है। आधार से सीधे फायदे पहुंचाने में बेहद आसानी होती है जो वित्तीय समावेश को मजबूत बनाता है। साथ ही नागरिकों और संस्थाओं के बीच एक मजबूत स्तंभ बनाकर बड़े पैमाने पर गवर्नेंस के बेहतर नतीजे सुनिश्चित करता है।
उपराज्यपाल ने कहा कि आधार, ई-केवाईसी और अन्य डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म ने कागज़ी कार्रवाई की जटिलताओं को बेहद कम किया है और साथ ही पारदर्शिता के साथ जनता का भरोसा भी बढ़ाया है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि आधार ने एक ऐसा साझा डिजिटल आधार की नींव को तैयार किया है, जिससे भारत जैसे विशाल और विविधतापूर्ण देश में सेवाओं को कुशलतापूर्वक पहुंचाना संभव हो पाया है।
उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे राजधानी दिल्ली का विस्तार हो रहा है, सार्वजनिक सेवाओं में दक्षता और पारदर्शिता को लेकर लोगों की अपेक्षाएं भी बढ़ रही है। ऐसे में विकासपुरी आधार सेवा केंद्र दिल्ली के नागरिक सेवा ढांचे में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने बच्चों के बायोमेट्रिक विवरण समय पर अपडेट कराने के महत्व पर भी बल दिया, ताकि भविष्य में प्रमाणीकरण संबंधी किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़े।
इस मौके पर दिल्ली के परिवहन, स्वास्थ्य और आईटी मंत्री और विकासपुरी के विधायक डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि हाल ही में शुरू हुए आधार सेवा केंद्र से पश्चिमी दिल्ली और आस-पास के पूरे इलाकों के नागरिकों को आधार से जुड़ी सेवाओं तक बेहतर पहुंच मिलेगी, जिससे लोगों को बहुत ज्यादा फायदा होगा। उन्होंने कहा कि विकासपुरी केंद्र के शुरू होने से नागरिकों को आधार एनरोलमेंट, अपडेट और उससे जुड़ी अन्य दूसरी सेवाओं के लिए इंद्रलोक, प्रगति मैदान और ऐसी ही दूरस्त केंद्रों पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने नागरिक-केंद्रित सेवाओं के विस्तार और डिजिटल गवर्नेंस तक पहुंच बढ़ाने के लिए यूआईडीएआई के प्रयासों की जमकर सराहना की।
डॉक्टर सिंह ने कहा कि आधार जन-कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और स्वास्थ्य क्षेत्र में आधार रजिस्ट्रेशन यह सुनिश्चित करता है कि कोई भी पात्र नागरिक स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित नहीं रहे। उन्होंने बताया कि मौजूदा सरकार के गठन के बाद हजारों परिवारों को आधार कार्ड से जुड़े आयुष्मान भारत कार्ड के माध्यम से कैशलेस इलाज का लाभ मिला है, जिससे गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं तक उनकी पहुंच और अधिक सुगम हुई है।
डिजिटल गवर्नेंस के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए डॉक्टर सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में टेक्नोलॉजी-आधारित सार्वजनिक सेवाएं भविष्य की जरूरत हैं तथा दिल्ली सरकार नागरिकों की सुविधा को केंद्र में रखकर एक डिजिटल रूप से सशक्त इकोसिस्टम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित