नोएडा , मई 21 -- उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग, भविष्य उन्मुख शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने तथा कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नोएडा में "उत्तर प्रदेश सीएसआर राउंड टेबल 2026 ऑन फ्यूचर रेडी एजुकेशन" का भव्य आयोजन किया गया।
गुरुवार को आयोजित प्रोग्राम में राज्य मंत्री संदीप सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार का उद्देश्य राज्य को शिक्षा के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाना है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रत्येक बच्चे तक स्मार्ट क्लासरूम एवं तकनीक आधारित शिक्षा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में सरकार समान विचारधारा वाले साझेदारों के साथ मिलकर शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
राउंड टेबल के दौरान राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, निपुण भारत मिशन एवं पीएम श्री योजना के अनुरूप शिक्षा के विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा हुई। विचार-विमर्श के प्रमुख विषयों में आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान, डिजिटल एवं एआई आधारित शिक्षा, विद्यालयी अवसंरचना सुदृढ़ीकरण, शिक्षक क्षमता निर्माण, बालिका शिक्षा तथा विद्यार्थियों के समग्र विकास जैसे मुद्दे शामिल रहे।
कार्यक्रम का आयोजन इन्वेस्ट यूपी एवं सीएसआरबॉक्स के सहयोग से किया गया, जिसमें कॉर्पोरेट संस्थानों, सीएसआर फाउंडेशनों तथा विकास क्षेत्र से जुड़े 100 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के समापन पर बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग ने गुणवत्तापरक, समावेशी, तकनीक-सक्षम एवं परिणामोन्मुख शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कॉर्पोरेट एवं विकास साझेदार संस्थाओं के साथ निरंतर समन्वित प्रयास जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित