बैतूल , मई 30 -- मध्य प्रदेश के बैतूल शासन के निर्देशानुसार रविवार को विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर जिलेभर में विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और बच्चों को तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक कर स्वस्थ जीवन के लिए प्रेरित करना है।
कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने आज अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर व्यापक जनजागृति अभियान संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि तंबाकू और उससे बने उत्पाद कैंसर, टीबी, हृदय रोग सहित अनेक गंभीर बीमारियों का कारण बनते हैं, इसलिए समाज को इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना आवश्यक है।
जिला प्रशासन के अनुसार जिले के स्कूलों, कॉलेजों तथा विभिन्न संस्थानों में पोस्टर प्रदर्शनी, चित्रकला, निबंध लेखन, भाषण एवं रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा मैराथन, प्रभात फेरी, नुक्कड़ नाटक, गीत-संगीत कार्यक्रम तथा वॉल पेंटिंग जैसी गतिविधियों के माध्यम से लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों की जानकारी दी जाएगी।
अभियान के तहत स्कूलों और कॉलेजों के 100 मीटर के दायरे में स्थित गुटखा एवं तंबाकू उत्पादों की दुकानों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जाएगी। साथ ही राष्ट्रीय नशा मुक्ति हेल्पलाइन नंबर 14446 का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
प्रशासन ने बताया कि कार्यक्रम में विभिन्न विभागों, स्वैच्छिक संस्थाओं, गैर-सरकारी संगठनों तथा धार्मिक संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है, ताकि तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण के लिए अधिक से अधिक लोगों को जागरूक किया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित