चंडीगढ़ , अगस्त 06 -- पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) की यूथ विंग ने युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय अभियान की शुरुआत करने की घोषणा की है। इस अभियान का आगाज नौ अगस्त को मोहाली में 5.5 किलोमीटर की मैराथन से होगा। मैराथन श्री अंब साहिब गुरुद्वारा से शुरू होगी, जिसमें पूरे पंजाब से हजारों युवाओं के भाग लेने की उम्मीद है।

गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पंजाब यूथ डेवलपमेंट बोर्ड के चेयरमैन परमिंदर गोल्डी, 'आप' पंजाब यूथ विंग के अध्यक्ष एवं विधायक मनजिंदर सिंह लालपुरा तथा यूथ विंग के उपाध्यक्ष वीर दविंदर सिंह बल्लां ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना, फिटनेस को बढ़ावा देना और नशा मुक्त तथा 'रंगला पंजाब' के निर्माण के अभियान को मजबूत करना है।

श्री परमिंदर गोल्डी ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने युवाओं और खेलों के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाये हैं। उन्होंने बताया कि राज्यभर में 3,100 से अधिक खेल मैदान विकसित किये गये हैं, इनडोर और आउटडोर जिम स्थापित किये गये हैं तथा जल्द ही गांवों में खेल किट भी वितरित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि यूथ विंग ने गांवों में 21 सदस्यीय युवा क्लब भी गठित किये हैं, जो सरकार की जनहितकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने पंजाब के युवाओं से ऑनलाइन पंजीकरण कर मैराथन में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि आने वाले महीनों में इस अभियान का विस्तार अन्य जिलों में भी किया जाएगा।

विधायक मनजिंदर सिंह लालपुरा ने कहा कि शारीरिक फिटनेस से न केवल शरीर मजबूत होता है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य और आत्मविश्वास भी बढ़ता है। उन्होंने कहा कि एक मजबूत पंजाब का निर्माण स्वस्थ, आत्मविश्वासी और जागरूक युवाओं से ही संभव है। उन्होंने युवाओं से खेल गतिविधियों में अधिक भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे वे स्वाभाविक रूप से नशे जैसी बुराइयों से दूर रहेंगे।

यूथ विंग के उपाध्यक्ष वीर दविंदर सिंह बल्लां ने बताया कि मैराथन में चार आयु वर्गों के लिए 5.5 किलोमीटर की दौड़ आयोजित की जाएगी और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब तक करीब 3,000 प्रतिभागी पंजीकरण करा चुके हैं और आयोजन से पहले यह संख्या 5,000 से अधिक होने की संभावना है। उनके अनुसार, इस मैराथन में पेशेवर एथलीटों के साथ-साथ फिटनेस प्रेमी युवा भी भाग लेंगे, जिससे यह पार्टी द्वारा आयोजित सबसे बड़े युवा फिटनेस आयोजनों में से एक होगा।

यूथ विंग के नेताओं ने राज्य के युवाओं से बड़ी संख्या में इस अभियान से जुड़ने और फिटनेस, खेल तथा नशा मुक्त समाज के संदेशवाहक बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह अभियान पूरे पंजाब में लगातार चलाया जाएगा ताकि अधिक से अधिक युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और राज्य के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित