देहरादून , मई 04 -- उत्तराखंड के देहरादून जनपद के थाना विकासनगर क्षेत्र के दो आदतन अपराधियों के आतंक से आम जनता को मुक्ति दिलाने के लिए जिला अधिकारी के आदेश पर सोमवार को स्थानीय पुलिस ने ढोल-नगाड़ों के साथ राज्य से बाहर का रास्ता दिखा दिया। दोनों को बस में बिठाकर हिमाचल प्रदेश की सीमा पर छोड़ दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रवेंद्र डोभाल ने बताया कि अपराध पर नियंत्रण के लिए सभी थाना क्षेत्रों में आदतन अथवा अभ्यस्त अपराधियों के विरूद्व प्रभावी निरोधात्मक कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली विकासनगर क्षेत्रान्तर्गत राहुल कश्यप पुत्र गोपाल कश्यप निवासी कश्यप मौहल्ला जीवनगढ तथा आसिफ पुत्र राशिद निवासी मुस्लिम बस्ती कोतवाली विकासनगर के विरुद्ध नकबजनी, चोरी, शस्त्र अधिनियम के कई अभियोग पंजीकृत हैं।
दोनों अभियुक्तों की छवि आम-जनता के मध्य आपराधिक प्रवृत्ति की होने पर जनहित एवं थाना क्षेत्र मे शान्ति व कानून व्यवस्था को सुचारू रखने के दृष्टिगत उक्त अभियुक्तों को जिला बदर करने के लिए धारा 3(1) गुण्डा अधिनियम के तहत रिपोर्ट तैयार कर जिला मजिस्ट्रेट देहरादून को प्रेषित की गयी थी।
उन्होंने रिपोर्ट का संज्ञान लेते हुए दोनों अभियुक्तों को 06 माह के लिए जिला बदर किये जाने सम्बन्धित आदेश निर्गत किये। जिसके अनुपालन में आज दोनो अभियुक्तों को ढोल नगाड़े बजाकर एवं लाउडस्पीकर से मुनादी कर देहरादून की सीमा से बाहर पांवटा साहिब हिमाचल प्रदेश की सीमा में छोड़ते हुए जिला बदर की कार्यवाही की गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित