कपूरथला , जून 13 -- पंजाब में कपूरथला जिले के ढिलवां क्षेत्र के निकट गांव मंड चक्कोकी में कृषि कार्य से लौट रहे एक युवक पर कथित रूप से फायरिंग करने और हमला करने का मामला सामने आया है।

घायल युवक को उपचार के लिए सिविल अस्पताल कपूरथला में भर्ती कराया गया है।

थाना ढिलवां के प्रभारी हरजिंदर सिंह ने शनिवार को बताया कि पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर दो नामजद आरोपियों समेत अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिये बयान में गांव चक्कोकी निवासी जोबनप्रीत सिंह ने बताया कि वह अपने पिता सतनाम सिंह के साथ खेतीबाड़ी करता है। बारह जून को उसने खेत की जुताई के लिए अपने मित्र बलदेव सिंह बाजवा से ट्रैक्टर लिया था। खेत का काम पूरा करने के बाद वह धुसी बांध मार्ग से वापस लौट रहा था। जोबनप्रीत के अनुसार, रास्ते में उसने देखा कि मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक और एक आई-20 कार में सवार चार व्यक्ति उसका पीछा कर रहे हैं। उसे खतरे का अंदेशा हुआ तो उसने ट्रैक्टर की रफ्तार बढ़ा दी और अपने मित्र किक्की को सहायता के लिए फोन किया। कुछ ही देर में किक्की, सहजपाल और गुरजीत सिंह मौके पर पहुंच गए, जबकि उसका एक अन्य मित्र युवराज भी अपनी कार लेकर वहां आ गया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि पीछा कर रहे व्यक्तियों में शामिल जतिंदरपाल उर्फ जज्जा निवासी नडाला के पास पिस्तौल थी। उसने कथित तौर पर कार पर गोली चलाई, जो वाहन के बंपर पर लगी। इसके बाद जब वह ट्रैक्टर लेकर भागने की कोशिश कर रहा था तो उसकी ओर भी फायरिंग की गई। हालांकि गोली उसे नहीं लगी, लेकिन ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर धुसी बांध से नीचे उतर गया और एक सफेदा के पेड़ से टकरा गया। इसके बाद जतिंदरपाल उर्फ जज्जा और उसका एक साथी ट्रैक्टर तक पहुंचे और कथित रूप से लोहे के कड़े से उस पर हमला कर दिया, जिससे उसे चोटें आईं। घटना के बाद उसके दोस्तों ने उसे सिविल अस्पताल कपूरथला पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर जतिंदरपाल उर्फ जज्जा, गांव चक्कोकी निवासी राजा तथा अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि फायरिंग में चली गोलियों की संख्या सहित पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित