चंडीगढ़ , मई 16 -- हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा है कि हांसी में शुरू हुई ड्रोन विनिर्माण इकाई हरियाणा को तकनीकी क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगी। अब भारत केवल विदेशी तकनीकों का उपभोक्ता नहीं, बल्कि नई तकनीक विकसित कर विश्व को दिशा देने वाला देश बन रहा है।
श्री बेदी शुक्रवार को हांसी के सिसाय गांव में ड्रोन विनिर्माण एवं प्रशिक्षण परियोजना के शुभारंभ पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि हरियाणा का युवा विज्ञान और तकनीक में विश्व स्तर पर प्रतिभा साबित कर सकता है। दीप सिसाय और उनकी टीम ने गांव में आधुनिक ड्रोन निर्माण इकाई स्थापित कर युवाओं के लिए प्रेरणादायक काम किया है।
उन्होंने कहा कि जापान, अमेरिका और चीन ने भी छोटी तकनीकी इकाइयों से शुरुआत कर वैश्विक पहचान बनाई थी। हरियाणा भी अब तकनीकी नवाचार में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस परियोजना के तहत अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को ड्रोन तकनीक का प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को ड्रोन संचालन, मोबाइल रिपेयरिंग जैसे तकनीकी व्यवसायों की ओर बढ़ना चाहिए। सरकार स्वरोजगार के लिए बिना गारंटी ऋण और बढ़ी हुई सब्सिडी दे रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए ऋण सीमा बढ़ाने पर भी काम हो रहा है।
श्री बेदी और विधायक विनोद भयाना ने ड्रोन सिटी का उद्घाटन कर प्रशिक्षित ड्रोन पायलटों को प्रमाण पत्र बांटे। संस्था के संस्थापक दीप सिहाग ने बताया कि 500 युवाओं को ड्रोन पायलट की ट्रेनिंग दी जाएगी।
इस मौके पर पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, जिला परिषद चेयरमैन सोनू डाटा, आईएएस वंदना दिसोदिया, संयुक्त निदेशक जयप्रकाश, एवीपीएल के फाउंडर लेफ्टिनेंट जनरल आर. के आनंद, एसडीएम विकास यादव सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित