छिंदवाड़ा , सितंबर 29 -- मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले की स्यालघोघरी आरसीसीपीएल कोयला खदान में सोमवार रात ड्रिलिंग के दौरान एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दो नंबर पिट में काम कर रहे मजदूर सुमेर को अचानक सांस लेने में परेशानी हुई। वह खदान के भीतर लगे पंखे के पास जाने का प्रयास कर रहा था, तभी चक्कर आने से गिर पड़ा। साथी मजदूरों ने उसे व्हीलचेयर की मदद से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
स्यालघोघरी खदान उमरेठ से करीब 10 किलोमीटर दूर है और इसका संचालन बिरला समूह की आरसीसीपीएल प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जाता है। बताया गया कि सोमवार रात की शिफ्ट में सुमेर दो नंबर पिट में ड्रिलिंग का काम कर रहा था। इसी दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। सांस लेने में परेशानी महसूस होने पर वह पंखे के पास जाने लगा, लेकिन कुछ दूरी पर ही गिर पड़ा।
साथी मजदूरों ने उसे संभाला और व्हीलचेयर से खदान के बाहर लाए। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल छिंदवाड़ा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
घटना के बाद खदान की सुरक्षा और वेंटिलेशन व्यवस्था को लेकर सवाल उठे हैं। इंटक मजदूर संगठन ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले इसी खदान में दो महिला मजदूरों के बेहोश होने की घटना सामने आई थी। संगठन के अनुसार उस समय भी खदान में हवा और ऑक्सीजन की उपलब्धता को लेकर प्रबंधन को आगाह किया गया था।
संगठन का आरोप है कि पूर्व की घटना के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं किए गए। मजदूरों का कहना है कि खदान के भीतर काम करने वालों के लिए पर्याप्त वेंटिलेशन और सुरक्षित वातावरण जरूरी है।
मजदूर की मौत की जानकारी मिलने पर परासिया विधायक सोहन वाल्मीकि ने भी नाराजगी जताई। उन्होंने खदान प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए घटना की जांच और जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
मजदूर की मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। यह दम घुटने या ऑक्सीजन की कमी से हुई या इसके पीछे कोई अन्य चिकित्सकीय कारण था, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और खदान की सुरक्षा व्यवस्था की जांच के बाद ही चल सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित