ऋषिकेश, जनवरी 30 -- त्तराखण्ड के मुख्यमंत्री के ड्रग्स फ्री देवभूमि के संकल्प को ज़मीन पर उतारने के लिए दून पुलिस द्वारा जनपदभर में नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार सख़्त अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर सभी थाना क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त अभियुक्तों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इसी कड़ी मे कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने शुक्रवार को सफलता हासिल करते हुए ढाई लाख रुपये मूल्य की 8.17 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस टीम ने यह कार्रवाई चेकिंग अभियान के दौरान आईडीपीएल गेस्ट हाउस, कांवड़ मेला पार्किंग क्षेत्र के पास मुखबिर की सूचना पर की।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सतीश नाथ पुत्र रोशन नाथ, निवासी गली नंबर-17, काली की ढाल, आईडीपीएल ऋषिकेश के रूप में हुई है। अभियुक्त के कब्जे से बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग ढाई लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध थाना ऋषिकेश में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह स्मैक हरिद्वार के एक स्थानीय नशेड़ी से सस्ते दामों पर खरीदकर ऋषिकेश क्षेत्र में ऊँचे दामों पर बेचने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा और नशे के कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित