हैदराबाद , मार्च 15 -- भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष के. टी. रामा राव ने रविवार को ड्रग्स के इस्तेमाल की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि नशीले पदार्थों के सेवन या तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को, चाहे वह किसी भी राजनीतिक दल से जुड़ा हो, सख्त सजा मिलनी चाहिए।

श्री रामा राव ने सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट में कहा कि ड्रग्स का दुरुपयोग लोगों की जिंदगी बर्बाद कर देता है और "इंसानों को राक्षस बना देता है।" उन्होंने चिंता जताई कि जिम्मेदार पदों पर बैठे कुछ लोगों के भी ऐसी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप सामने आ रहे हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि वह व्यक्तिगत रूप से ड्रग्स और अवैध नशीले पदार्थों के पूरी तरह खिलाफ हैं और उनकी पार्टी बीआरएस भी ड्रग्स और सभी अवैध गतिविधियों की कड़ी निंदा करती है।

हालांकि, श्री रामा राव ने हाल के ड्रग्स से जुड़े मामलों में बीआरएस को जोड़ने की कोशिशों की आलोचना करते हुए कहा कि यह राजनीतिक रूप से पार्टी को निशाना बनाने का प्रयास है। उन्होंने इसे "घिनौनी राजनीति" करार देते हुए कहा कि बीआरएस से हिसाब चुकता करने के लिए इस मुद्दे का इस्तेमाल किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित