पटना , जुलाई 31 -- टना नगर निगम के नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने शुक्रवार को निगम मुख्यालय में सभी अंचलों के कार्यपालक पदाधिकारियों, सफाई निरीक्षकों, पर्यवेक्षकों, आउटसोर्सिंग एजेंसियों के प्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में कर्मचारी यूनियन की हड़ताल के कारण प्रभावित हो रही शहर की सफाई व्यवस्था का आकलन किया गया तथा आम नागरिकों को निर्बाध स्वच्छता सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिये गए।बैठक के दौरान विभिन्न अंचलों से यह जानकारी दी गई कि कार्यरत सफाई कर्मियों को हड़ताल का समर्थन कर रहे कुछ लोगों काम नहीं करने का दबाव एवं धमकी दी जा रही है, जिसके कारण कई कर्मी ड्यूटी पर आने से हिचकिचा रहे हैं अथवा निर्बाध रूप से कार्य नहीं कर पा रहे हैं।

इस पर सभी सफाई निरीक्षकों को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक वार्ड में कार्यरत सफाईकर्मियों के अतिरिक्त 15 से 20 सहयोगी व्यक्तियों की टीम तैयार करें और सफाई कर्मियों के साथ उनका समूह तैयार कर कार्य कराएं। साथ ही काम बाधित करने वालों को चिह्नित करते हुए एफआईआर भी दर्ज कराने के निर्देश दिये गए।

बैठक में निगम मुख्यालय के सभी वरीय पदाधिकारियों को अपने-अपने निर्धारित अंचलों में लगातार निगरानी रखते हुए रात्रिकालीन विशेष सफाई अभियान का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गए। अभियान को प्रभावी एवं सुरक्षित ढंग से संचालित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक अंचल में पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराया गया है।

बैठक में नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी आउटसोर्सिंग एजेंसियां अपने अनुबंध के अनुरूप निर्धारित संख्या में मानवबल उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। यदि कोई एजेंसी पर्याप्त संख्या में कर्मी उपलब्ध कराने में विफल रहती है अथवा अपने संविदात्मक दायित्वों का पालन नहीं करती है, तो उसके विरुद्ध अनुबंध की शर्तों के अनुरूप दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। ड्यूटी पर आने के बावजूद काम नहीं करने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित