सागर , जुलाई 14 -- मध्यप्रदेश के सागर जिले में तिली स्थित पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावास के तीन कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, कलेक्टर प्रतिभा पाल के निर्देश पर डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी सहायक संचालक, पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण ने छात्रावास के चौकीदार अमित रैकवार, रसोइया देवेंद्र गौड़ तथा जलवाहक रविंद्र अहिरवार को नोटिस जारी किया है।
नोटिस में कहा गया है कि संबंधित कर्मचारियों ने अपने शासकीय दायित्वों के निर्वहन में अत्यधिक लापरवाही और उदासीनता बरती। जांच के दौरान यह भी पाया गया कि उनकी ड्यूटी के समय छात्रावास परिसर में बाहरी एवं अनाधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश होता रहा, जिससे छात्रों की सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
इसके अलावा कर्मचारियों के नियत समय पर छात्रावास में उपस्थित नहीं रहने तथा विभागीय कार्यों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के प्रति गंभीरता नहीं बरतने की बात भी सामने आई है। नोटिस में कहा गया है कि संबंधित कर्मचारियों का यह आचरण शासकीय सेवा नियमों के विपरीत है तथा इसे गंभीर अनुशासनहीनता की श्रेणी में माना गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित