बैतूल , मई 12 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) के एक कर्मचारी की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जबकि उनके साथ मोटरसाइकिल पर सवार एक अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सोमवार देर रात बैतूल-आठनेर मार्ग पर अमदर मोड़ के पास हुआ।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक की पहचान 32 वर्षीय राजेश वसुले निवासी हीवरखेड़ के रूप में हुई है, जो पीएचई विभाग की मैकेनिकल शाखा में समयपाल के पद पर कार्यरत थे। वर्तमान में उनकी पदस्थापना बैतूल में थी। राजेश वसुले बैतूल बाजार के तिलक वार्ड पार्षद विजय पानकर के दामाद भी थे।

जानकारी के मुताबिक राजेश वसुले अपने सहकर्मी 31 वर्षीय हिमांशु मगरदे के साथ विभागीय कार्य से कोलगांव जा रहे थे। वहां पेयजल व्यवस्था के लिए बोरिंग मशीन का कार्य चल रहा था, जिसकी निगरानी के लिए दोनों कर्मचारी रवाना हुए थे।

अमदर मोड़ के पास उनकी मोटरसाइकिल को तेज रफ्तार अज्ञात कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों कर्मचारी सड़क पर दूर जा गिरे। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद राजेश वसुले को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल हिमांशु मगरदे को आईसीयू में भर्ती किया गया। हालत नाजुक होने पर उन्हें नागपुर रेफर कर दिया गया।

बैतूल बाजार थाना प्रभारी अंजना धुर्वे ने बताया कि दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

पीएचई विभाग की मैकेनिकल शाखा के एसडीओ प्रकाश धुर्वे ने कहा कि राजेश वसुले मेहनती और जिम्मेदार कर्मचारी थे। उनकी असामयिक मृत्यु से विभागीय कर्मचारियों और परिचितों में शोक व्याप्त है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित