बालोद , सितंबर 02 -- छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के डौंडी लोहारा नगर में आवारा कुत्तों के हमले की घटनाओं से लोगों में दहशत है। नगर में एक ही दिन में कुत्तों ने सड़क पर आने-जाने वाले 13 लोगों को काटकर घायल कर दिया। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डौंडी लोहारा में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

बुधवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर के अलग-अलग स्थानों पर आवारा कुत्तों ने राहगीरों पर अचानक हमला किया। एक ही दिन में 13 लोगों के घायल होने के बाद स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। नगरवासियों ने प्रशासन से आवारा और आक्रामक कुत्तों पर नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।

स्वास्थ्य संबंधी जानकारी के अनुसार कुत्ते के काटने के बाद घाव को जल्द से जल्द साफ करना जरूरी है। प्रभावित हिस्से को 10 से 15 मिनट तक एंटीसेप्टिक साबुन और साफ पानी से धोने तथा इसके बाद एंटीसेप्टिक लगाने की सलाह दी जाती है। रक्तस्राव बंद नहीं होने की स्थिति में साफ पट्टी का इस्तेमाल कर तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेनी चाहिए।

कुत्ते के काटने के बाद बुखार का बार-बार आना, भूख कम होना, उल्टी महसूस होना, दस्त लगना, नाक बहना, बहुत ज्यादा छींकना, हाथों और पैरों में सूजन तथा जलन महसूस होने जैसे लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी गई है।

कुत्ते के काटने के बाद घरेलू नुस्खों से बचने की भी सलाह दी जाती है। घाव पर नमक, मिर्च, नींबू या हल्दी लगाने से त्वचा में जलन बढ़ सकती है। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक से संपर्क करना आवश्यक है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित