हनुमानगढ़ , अप्रैल 01 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के संगरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार करके उससे 22 किलोग्राम से अधिक अवैध डोडा पोस्त चूरा और 40 हजार रुपये बरामद किये हैं।
पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि संगरिया थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक अमरसिंह पूनिया के नेतृत्व में पुलिस दल ने गश्त के दौरान हनुमानगढ़-संगरिया रोड पर रोही नगराणा के पास नाकाबंदी करके मोहनलाल (30) को संदिग्ध लगने पर रोका।
पुलिस ने बताया कि उसकी तलाशी ली गयी तो उससे कब्जे से 22 किलो 920 ग्राम अवैध डोडा पोस्त चूरा और 40 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मादक द्रव्य एवं मनोत्तेजक पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित