जम्मू , जुलाई 07 -- जम्मू-कश्मीर में डोडा ज़िले के थाथरी इलाके में बादल फटने से अचानक आयी बाढ़ और मिट्टी खिसकने से कई घरों और गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है।

सरकारी सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि कल देर रात करीब 2:30 बजे थाथरी कस्बे में बादल फटा, जिससे अचानक बाढ़ आ गई और इलाके में भारी तबाही हुई।

उन्होंने कहा, "खबरों के मुताबिक, थाथरी बाज़ार को भारी नुकसान पहुंचा है और कई घर बड़े पत्थरों, मिट्टी और मलबे के नीचे दब गए हैं। कई गाड़ियों के भी क्षतिग्रस्त होने या बह जाने की खबर है।"सूत्रों ने कहा, "नुकसान का सही अंदाज़ा लगाया जा रहा है।" उन्होंने यह भी बताया कि इस घटना में किसी के घायल होने या मरने की कोई खबर नहीं है।''उन्होंने कहा, "कई घरों में मिट्टी, पानी और मलबा घुस गया, जिससे लोगों को मलबा हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।" साथ ही कई परिवारों को सड़कों पर रहने को मजबूर होना पड़ा।

अधिकारियों ने बताया कि भारी मात्रा में मिट्टी और मलबा जमा होने के कारण डोडा-किश्तवाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गाड़ियों की आवाजाही बाधित हो गई है।

उन्होंने कहा, "घटना के बाद की स्थिति पर बारीकी से नज़र रखी जा रही है और प्रशासनिक अधिकारियों व पुलिस कर्मियों की टीमें मौके पर पहुंचकर हालात का जायज़ा ले रही हैं।"इससे पहले, डोडा ज़िले के भलेसा इलाके और किश्तवाड़ ज़िले में 540 मेगावाट की क्वार जलविद्युत परियोजना के पास भी बादल फटने की घटनाएं हुई थीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित