डोईवाला , मार्च 31 -- उत्तराखंड में कोतवाली डोईवाला पुलिस ने शहर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से मंगलवार को मुख्य बाजार क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान चलाया।
इस दौरान पुलिस ने बाजार, रेलवे रोड और मिल रोड से अतिक्रमण हटाते हुए 25 लोगों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेन्द्र सिंह डोभाल के निर्देशानुसार चलाए जा रहे इस अभियान के तहत पुलिस टीम ने दुकानों के बाहर रखे अवैध बोर्ड, सामान और सड़क किनारे लगाई गई रेड़ी-ठेलियों और फड़ों को हटवाया। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कर यातायात को सुचारू बनाया गया।
पुलिस के अनुसार, इससे पूर्व आठ मार्च को भी इसी क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी, लेकिन कुछ व्यापारियों और विक्रेताओं द्वारा दोबारा अतिक्रमण कर लिया गया। चेतावनी के बावजूद नियमों का उल्लंघन करने पर 25 व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस अधिनियम के तहत चालान किए गए।
पुलिस ने आम जनता और व्यापारियों से अपील की है कि वह सड़कों पर अतिक्रमण न करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। पुलिस ने कहा है कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित