राजनांदगांव , अक्टूबर 08 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में एक महिला से कथित दुष्कर्म करने और आपत्तिजनक तस्वीरें उसके पति को भेजने की धमकी देकर करीब एक लाख रुपये वसूलने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी को गुरुवार को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने आज यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान आदित्य अग्रवाल के रूप में हुई है, जो खैरागढ़ जिले के इतवारी बाजार स्थित कुम्हार पारा का निवासी है। पीड़िता ने डोंगरगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 18 दिसंबर 2025 को आरोपी ने कुछ दस्तावेज देने के बहाने उसे कार्यालय के बाहर बुलाया और अपनी कार में बैठाकर ले गया।

शिकायत के मुताबिक, रास्ते में आरोपी ने महिला को शीतल पेय पिलाया, जिसके बाद उसे चक्कर आने लगे। आरोप है कि इसके बाद युवक महिला को डोंगरगढ़ मंदिर के समीप स्थित एक मकान में ले गया, जहां उसने महिला की इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए। शाम को आरोपी उसे घर के पास छोड़कर चला गया।

पुलिस ने बताया कि एक जनवरी 2026 को आरोपी दोबारा महिला के कार्यालय पहुंचा और उस पर अपने साथ घूमने जाने का दबाव बनाने लगा। महिला के इनकार करने पर उसने कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें दिखाकर उन्हें उसके पति को भेजने की धमकी दी। आरोप है कि युवक ने तस्वीरें सार्वजनिक करने और पति को भेजने की धमकी देकर महिला से नकद तथा ऑनलाइन माध्यम से करीब एक लाख रुपये वसूल लिए। इसके बावजूद वह लगातार महिला पर दबाव बनाता रहा और जान से मारने की धमकी भी दी। परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित