मोतिहारी , अक्टूबर 24 -- बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से 'युगप्रवर्तक डॉ. हेडगेवार: संघ सृजन का भव्य नाट्य आविष्कार' कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री एवं सांसद राधामोहन सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार का जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग, तपस्या और संगठन साधना की प्रेरणादायी गाथा है।
सांसद ने कहा कि डॉ. हेडगेवार ने अपने विचारों, दूरदर्शिता और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण से संगठन तथा व्यक्ति निर्माण की एक नई दिशा प्रस्तुत की। बाल्यावस्था से ही उनके मन में देश की स्वतंत्रता और राष्ट्रीय स्वाभिमान के प्रति गहरी प्रतिबद्धता थी। स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी सक्रिय भागीदारी और कारावास का अनुभव उनके राष्ट्रसमर्पण को दर्शाता है।उन्होंने कहा कि डॉ. हेडगेवार का मानना था कि राजनीतिक स्वतंत्रता के साथ समाज का संगठित, अनुशासित, समरस और चरित्रवान होना भी जरूरी है। इसी विचार के साथ उन्होंने वर्ष 1925 में विजयादशमी के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की। दैनिक शाखा के माध्यम से व्यक्ति निर्माण, अनुशासन, सामाजिक समरसता और राष्ट्रभक्ति के संस्कार विकसित करने की पहल की।
श्री सिंह ने कहा कि राष्ट्र की वास्तविक शक्ति नागरिकों के चरित्र, सामाजिक एकजुटता और राष्ट्रीय चेतना में निहित होती है। आज भारत वैश्विक मंच पर अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। ऐसे समय में डॉ. हेडगेवार के विचारों और राष्ट्र निर्माण के प्रति उनके समर्पण को समझना प्रासंगिक है। नई पीढ़ी को महापुरुषों के जीवन और उनके आदर्शों से परिचित कराना जरूरी है, जिससे उनमें राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित हो सके।
नाट्य प्रस्तुति की सराहना करते हुए सांसद ने कहा कि रंगमंच महापुरुषों के जीवन, संघर्ष, विचारों और आदर्शों को जनसामान्य तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। डॉ. हेडगेवार के जीवन पर आधारित यह प्रस्तुति दर्शकों को उनके व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण संबंधी दृष्टिकोण को समझने का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने आयोजन से जुड़े कलाकारों, निर्देशक, आयोजकों और सहयोगियों को बधाई दी।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उत्तर-पूर्व क्षेत्र के क्षेत्र कार्यवाह डॉ. मोहन सिंह, उत्तर बिहार प्रांत के सह संघचालक प्रो. राज किशोर सिंह, उत्तर-पूर्व क्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक रामनवमी प्रसाद, महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव, अरेराज स्थित श्री सोमेश्वरनाथ धाम के पीठाधीश्वर स्वामी रविशंकर गिरी तथा एस.एन.एस. विद्यापीठ, मोतिहारी के अध्यक्ष आलोक शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग, संत, स्वयंसेवक, मातृशक्ति और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित