पटना , अप्रैल 14 -- हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन ने सम्राट चौधरी को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के विधानमंडल दल का नेता चुने जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।

डॉ. सुमन ने कहा कि सम्राट चौधरी एक ऊर्जावान, अनुभवी एवं दूरदर्शी नेता हैं, जिनके साथ उन्होंने लंबे समय तक मिलकर काम किया है। उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी के गठन के समय से ही श्री चौधरी का सहयोग, समर्थन एवं मार्गदर्शन उन्हें निरंतर प्राप्त होता रहा है, जो उनके संगठन के सशक्त निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में राजग और अधिक सशक्त होगा तथा बिहार में सुशासन, स्थिरता और विकास को नई गति मिलेगी।

डॉ. सुमन ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति विशेष सम्मान प्रकट करते हुए कहा कि उनका कार्यकाल बिहार के विकास, सुशासन और सामाजिक परिवर्तन का एक स्वर्णिम अध्याय रहा है। उन्होंने कहा कि श्री कुमार ने अपने दूरदर्शी नेतृत्व, संवेदनशील सोच और अटूट प्रतिबद्धता से राज्य को नई पहचान दी है।

डॉ. सुमन ने भावुक शब्दों में कहा कि मुख्यमंत्री पद से श्री कुमार का का इस्तीफा निस्संदेह एक युगांतकारी क्षण है, लेकिन उनका अनुभव, मार्गदर्शन और आशीर्वाद सबके लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (से.) पूरी प्रतिबद्धता के साथ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के साथ है और सम्राट चौधरी के नेतृत्व में मिलकर राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित