राजनांदगांव , अक्टूबर 13 -- छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के जन्मदिन के अवसर पर 15 अक्टूबर को राजनांदगांव के दिग्विजय स्टेडियम में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। युवा वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस समारोह में बॉलीवुड के प्रसिद्ध पार्श्व गायक जुबिन नौटियाल अपनी संगीतमय प्रस्तुति देंगे।

आयोजन समिति से आज मिली जानकारी के अनुसार समारोह में राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, प्रदेश सरकार के कई मंत्री, सांसद, विधायक और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ पदाधिकारियों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद को देखते हुए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

युवा वेलफेयर फाउंडेशन के अध्यक्ष भावेश बैद ने आज बताया कि डॉ. रमन सिंह के जन्मदिन पर आयोजित होने वाले इस समारोह को यादगार बनाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। दिग्विजय स्टेडियम में 50 हजार से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था करने की तैयारी है। आयोजन में विशिष्ट अतिथियों की संभावित उपस्थिति और बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने के मद्देनजर सुरक्षा तथा अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि संस्था की ओर से पूर्व में भी डॉ. रमन सिंह के जन्मदिन पर सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। इन आयोजनों में प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास, अभिनेता एवं साहित्यकार शैलेश लोढ़ा तथा गायक कैलाश खेर जैसी हस्तियां अपनी प्रस्तुतियां दे चुकी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित