पटना , जुलाई 25 -- बिहार विधान सभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में बिहार की माटी के लाल झंडू कुमार के पदक हासिल करने पर हार्दिक बधाई दी है।

डॉ. कुमार ने कहा कि झंडू कुमार के इस शानदार प्रदर्शन ने देश और प्रदेश का मस्तक गर्व से ऊँचा कर दिया है। उन्होंने पुरुष हैवीवेट (72 किग्रा) पैरा पावरलिफ्टिंग इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर इस महामुकाबले में भारत के पदकों का खाता खोल दिया है, जो हर देशवासी के लिए अत्यंत हर्ष और उल्लास का क्षण है।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि दुनिया भर के दिग्गज खिलाड़ियों के बीच झंडू कुमार का यह दमदार प्रदर्शन, उनकी अदम्य इच्छाशक्ति, कठिन परिश्रम और खेल के प्रति अटूट समर्पण का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों को मात देकर वैश्विक मंच पर तिरंगा फहराना और देश को पहला पदक दिलाना यह साबित करता है कि हमारे युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित