चंडीगढ़ , सितंबर 27 -- चंडीगढ़ में युद्ध, आतंकवाद और भू-राजनीति से लेकर प्रेम, विरह और महिलाओं के साहस तक को आवाज देती डॉ. देवियानी सिंह की कविता संग्रह 'रॉक डेजीज' का रविवार को चंडीगढ़ प्रेस क्लब में विमोचन हुआ।

पुस्तक में कुल 190 कविताएं हैं, जिनमें युद्ध, वैश्विक राजनीति, पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन, प्रेम, नुकसान और मानवीय रिश्तों जैसे विषयों को संवेदनशीलता से प्रस्तुत किया गया है।

पुस्तक का विमोचन हरियाणा के पूर्व मुख्य सचिव विजय वर्धन, आईएएस (सेवानिवृत्त) ने किया। कार्यक्रम में साहित्य और मीडिया जगत से जुड़े लोग मौजूद रहे।

'रॉक डेजीज' में युद्ध कक्षों की रणनीतियों से लेकर बदलती जलवायु और जंगलों तक के संदर्भ देखने को मिलते हैं। लेखिका ने सर्जिकल कपलेट्स और सधे हुए क्वाट्रेन्स के माध्यम से वैश्विक घटनाओं को मानवीय भावनाओं से जोड़ने का प्रयास किया है। कविताओं में महिलाओं के शांत लेकिन दृढ़ साहस और कठिन परिस्थितियों में उनके संघर्ष को भी अभिव्यक्ति मिली है।

डॉ. देवियानी सिंह अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद विषय में पीएचडी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय में अध्यापन के साथ लोकसभा सचिवालय की विदेश मामलों की समिति में कार्य कर चुकी हैं। वर्तमान में वह शिक्षा पत्रिका की संपादक और रचनात्मक लेखन की मेंटर हैं। लेखिका ने बताया कि पुस्तक अपनी मां को समर्पित है। उनके अनुसार, कविताएं केवल घटनाओं का वर्णन नहीं करतीं, बल्कि उनके पीछे छिपी मानवीय भावनाओं और रिश्तों को समझने का प्रयास हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित