पटना, 26 सितंबर (वार्ता )बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आज मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की शुरुआत में बिहार की 75 लाख महिलाओं को स्वरोजगार के लिए दस हज़ार रुपये की पहली किस्त प्रदान किए जाने पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि देश की आधी आबादी को आत्मनिर्भर बनाने के लिए श्री मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार निरंतर प्रयासरत है। डॉ. जायसवाल ने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी और मुख्यमंत्री श्री कुमार का आभार जताते हुए कहा कि बिहार की महिलाओं की भागीदारी बढाना इस सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। इसी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए राजग सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र की सरकार हो या बिहार में नीतीश कुमार की सरकार, महिलाएं आत्मनिर्भर होने और उन्हें सम्मान देने को लेकर लगातार प्रयासरत हैं। अधिकांश विकास योजनाओं के केंद्र में आधी आबादी रही है।भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की पहल न केवल महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का मार्ग प्रशस्त करेगी, बल्कि बिहार सहित पूरे देश में डबल इंजन सरकार की गति से रोजगार और विकास को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएगी। उन्होंने कहा कि यह पहल आने वाले दिनों में नारी सामर्थ्य की नई उड़ान साबित होगी।डॉ. जायसवाल ने कहा कि यह योजना खेती, पशुपालन, हस्तशिल्प, सिलाई-बुनाई और छोटे व्यवसायों को बढ़ावा देकर महिलाओं की आत्मनिर्भरता की मजबूत नींव रखेगी और उसके बाद दो लाख की अतिरिक्त सहायता इन्हें स्वच्छंद उड़ान की ताकत देगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित