नयी दिल्ली , सितंबर 15 -- केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह 16 सितंबर को विशेष अभियान 6 की प्रगति की निगरानी के लिए समर्पित ऑनलाइन वेब-पोर्टल का शुभारंभ करेंगे।
केंद्रीय कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि इस अवसर पर सरकार के सभी 84 मंत्रालयों और विभागों के नोडल अधिकारियों, लोक शिकायत एवं अपीलीय प्राधिकरणों के नोडल अधिकारियों की बैठक होगी। विशेष अभियान 6 का तैयारी चरण 16 से 30 सितंबर तक और कार्यान्वयन चरण दो से 31 अक्टूबर तक चलेगा।
मंत्रालय ने कहा कि प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग (डीएआरपीजी) वर्ष 2021 से सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता को संस्थागत बनाने और लंबित मामलों को कम करने के लिए विशेष अभियानों का समन्वय कर रहा है। अब तक पांच संस्करणों (2021 से 2025) और जुलाई 2026 तक सचिवालय सुधारों की मासिक निगरानी के माध्यम से 24.20 लाख से अधिक स्थलों पर अभियान चलाया गया है। इस दौरान 180.48 लाख से अधिक फाइलों को छांटा या बंद किया गया तथा कबाड़ के निपटान से 5,102.91 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ है। विशेष अभियान 5 में लगभग 11.6 लाख स्थलों को शामिल किया गया, 29.52 लाख फाइलों को छांटा गया और 233.75 लाख वर्ग फुट कार्यालय स्थान खाली कराया गया।
विशेष अभियान 6 सभी मंत्रालयों और विभागों के साथ उनके संबद्ध, अधीनस्थ और स्वायत्त कार्यालयों में चलाया जायेगा। इसमें सेवा वितरण के लिए जिम्मेदार क्षेत्रीय एवं बाहरी कार्यालयों तथा विदेशों में स्थित भारतीय मिशनों को भी शामिल किया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित