उदयपुर , अगस्त 12 -- यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग की ओर से आयोजित सीनियर वर्ल्ड कजाक कुरेस कुश्ती चौंपियनशिप में राजस्थान के उदयपुर जिले के शाला क्रीड़ा संगम फतह स्कूल में सेवारत कुश्ती के कोच एवं शारीरिक शिक्षक डॉ. सतीश चौधरी को रेफरी नियुक्त किया गया है।
राजस्थान कजाक कुरैश एसोसिएशन के महासचिव शकील हुसैन ने बुधवार को यहां बताया कि यह प्रतियोगिता 21 से 25 अगस्त तक अजरबैजान देश के बाकू शहर में आयोजित की जायेगी। यह खेल कुश्ती और जूडो का मिश्रित रूप है।
डॉ. चौधरी ने बताया कि वह उदयपुर से 20 अगस्त को सुबह हवाई मार्ग से नयी दिल्ली के लिए रवाना होंगे जहां से 21 अगस्त को हवाई मार्ग से भारत की टीम के साथ ही अजरबैजान पहुंचेंगे।
श्री चौधरी के अनुसार भारतीय कजाक कुरैश एसोसिएशन द्वारा सीनियर वर्ग की अंतरराष्ट्रीय ओपन प्रतियोगिता में भारत की टीम भेजी जा रही है। भारतीय टीम में कुल 24 सदस्य है। जिसमें आठ पुरुष खिलाड़ी, आठ महिला खिलाड़ी, राजस्थान के एक मात्र रेफरी सतीश चौधरी सहित तीन रेफरी, एवं टीम प्रबंधक शामिल है। इस अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में निर्णायक कार्य के लिए राजस्थान से एक मात्र रेफरी को चुना गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित