चंडीगढ़ , मार्च 23 -- शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के अधिकारी डॉ. गगनदीप सिंह रंधावा के पार्थिव शरीर का पोस्टमार्टम स्थानीय पीजीआई या एम्स के डॉक्टरों के एक पैनल द्वारा कराये जाने की सोमवार को मांग की।
श्री मजीठिया ने इसके साथ ही पूर्व परिवहन मंत्री लालजीत भुल्लर के पिता और निजी सहायक की गिरफ्तारी और उन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, जिन्होंने डॉ. रंधावा की जीवन बचाने की गुहार पर कोई ध्यान नहीं दिया।
शिअद नेता ने यहां संवाददाता सम्मेलन में सभी विपक्षी नेताओं, किसान संगठनों और वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन यूनियन को एकजुट होकर आवाज उठाने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इसी दबाव के कारण आज लालजीत भुल्लर की गिरफ्तारी संभव हो पाई है। उन्होंने रंधावा परिवार की "फौलादी इच्छाशक्ति" की भी सराहना की, जिन्होंने डॉ. रंधावा के लिए न्याय मांगने की अपनी जंग में आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के तीव्र दबाव का सामना किया।
श्री मजीठिया ने जोर दिया कि यह मामला केवल डॉ. रंधावा को निर्वस्त्र करने और पीटने के बाद आत्महत्या के लिए मजबूर करने का ही नहीं है, बल्कि "यह लालजीत भुल्लर और आप पदाधिकारियों द्वारा किए गए व्यापक भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला भी है।" उन्होंने कहा कि अमृतसर के उपायुक्त दलविंदरजीत सिंह के साथ-साथ वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक गौतम जैन और मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए, जिन्होंने अधिकारी की बार-बार की गई विनती पर ध्यान नहीं दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित